मनसे और शिव सेना पर बरसे आरएसएस प्रमुख
भागवत ने विशाल बेंगलुरू पैलेस मैदान में यहां लगभग 15,000 स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा, "ऐसे समय में जब देश तमाम समस्याओं से जूझ रहा है, यह अपने आप में दुर्भाग्यपूर्ण है कि मनसे और शिव सेना जैसी राजनीतिक पार्टियां भाषाई विवाद खड़ा कर रही हैं और मुंबई जैसे महानगर में सिर्फ स्थानीय लोगों को रोजगार देने की बात कर रही हैं।"
समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबु आसिम आजमी को नौ नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा में हिंदी में शपथ लेने से रोकने के लिए मनसे विधायकों की निंदा करते हुए भागवत ने कहा कि इस बात पर अचरज होता है कि एक तरफ अंग्रेजी जैसी विदेशी भाषा में शपथ लेने को स्वीकृति दी जाती है, वहीं दूसरी ओर अपनी राष्ट्रभाषा हिंदी में शपथ लेने से रोका जाता है।
भागवत ने कहा, "हम सभी एक हैं। किसी भाषा या क्षेत्र के आधार पर भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए। हमें सभी के साथ एक-सा व्यवहार करना चाहिए। मुंबई जैसे शहर में हिंदी या अन्य भारतीय भाषाओं को मराठी जितना ही सम्मान दिया जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications