हिमाचल में किसानों को 78,230 क्विंटल गेहूं बीज वितरित
कृषि विभाग ने कहा है प्रदेश में किसानों को मांग के अनुरूप गेहूं बीज व खाद की आपूर्ति सुनिश्चित बनाई जा रही है। बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर, सोलन और ऊना जि़लों को उनकी वास्तविक मांग से अधिक आपूर्ति की गई है तथा कहीं भी बीज की कमी नहीं है।
विभाग के एक प्रवक्ता ने रविवार को यहां बताया कि इस साल 56,729 क्विंटल गेहूं बीज की मांग का अनुमान था जिसके मुकाबले विभाग ने 80,130 क्विंटल प्रमाणिक गेहूं बीज का प्रबन्ध किया, जो वास्तविक मांग से 142 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि 10 जिलों में पर्याप्त बीज उपलब्ध कराने के बाद 1900 क्विंटल बीज की अतिरिक्त मांग प्राप्त हुई है, जिसे भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यद्यपि प्रमाणिक बीज की कीमत पर 50 प्रतिशत अनुदान प्रदान किए जाने से इस वर्ष बीज की अत्याधिक मांग बढ़ी है लेकिन विभाग यह सुनिश्चित बना रहा है कि किसानों को उनकी मांग के अनुसार बीज मिले।
प्रवक्ता ने कहा कि राज्य में यूरिया आदि खादों की कोई कमी नहीं है और मिश्रित खादों का मांग के अनुरूप प्रबन्ध सुनिश्चित बनाया जा रहा है। प्रदेश में खाद वितरण एजेंसियों- 'हिमफैड' और 'इफको' को किसानों की मांग के अनुरूप महीनावार खाद की आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications