नई पीढ़ी के विमान खरीदना चाहती है नौसेना
नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना ने नई पीढ़ी के विमान खरीदने के लिए एक रिक्वे स्ट फॉर इनफॉरमेशन (आरएफआई) जारी किया है। ये विमान अगले 10 वर्षो के दौरान सेवा में शामिल किए जाने वाले दो स्वदेशी विमानवाहक पोतों से संचालित किए जा सकते हैं।
रक्षा व उद्योग मंत्रालय के सूत्रों ने संकेत दिया है कि हाल में जारी किया गया आरएफआई एक सामान्य प्रकृति का है, जो नए प्लेटफार्म और वायुजनित प्रौद्योगिकी की मांग करता है जो कि कुछ चर्चित उत्पादकों की ओर से पहले से प्रस्तावित है। अमेरिकी बोइंग और फ्रेंच डेसाल्ट कंपनियों ने अपने एफ18 सुपर हॉर्नेट और राफेल के लिए आरएफआई प्राप्त होने की पुष्टि की है।
नई पीढ़ी के विमानों की संख्या अभी तय की जानी बाकी है।
रक्षा मामलों की पत्रिका, इंडिया स्ट्रेटजिक के आगामी अंक के अनुसार नई पीढ़ी के विमान, 45 मिग-29केएस के अतिरिक्त होंगे। मिग-29केएस विमानों को रूस से खरीदा जा रहा है। इनमें से 16 मिग विमानों के लिए एडमिरल गोर्शकोव के साथ ही वर्ष 2004 में आर्डर दे दिया गया था। मिग-29के भारतीय वायुसेना में शामिल मिग-29 का ही एक आधुनिक रूप है।
इसके अतिरिक्त 29 मिग-29केएस के लिए भी आर्डर जारी किया जा रहा है। कीमत और आपूर्ति की तिथि के तय हो जाने के बाद उसे जारी कर दिया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications