गड़करी भाजपा के बहुत अच्छे अध्यक्ष साबित होंगे : सिन्हा
सिन्हा ने अपने इन विचारों को स्टार न्यूज के एक कार्यक्रम में व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की हालत जब ऊपरी स्तर पर ठीक हो जाएगी तो नीचे के स्तर पर अपने आप सब कुछ ठीक हो जाएगा।
पार्टी के भावी अध्यक्ष को लेकर चल रही अटकलों के बारे में सिन्हा ने कहा, "भाजपा अध्यक्ष के लिए जितने नाम चल रहे हैं उसमें गड़करी सबसे बेहतर हैं और वह बहुत अच्छे राष्ट्रीय अध्यक्ष साबित होंगे। गडकरी जमीन से जुड़े नेता हैं और इस तरह के नेता के अध्यक्ष बनने से पार्टी को फायदा होगा। नेता बनाया नहीं जाता है, वह खुद उभर कर आता है।"
उन्होंने कहा, "भाजपा को ऑफ द रिकॉर्ड ब्रीफिंग का रोग लग गया है और यह रोग आजकल सभी राजनीतिक दलों और सरकारों में भी फैल चुका है। इस तरह की ब्रीफिंग करने वाले नेताओं को लगता है कि इससे मीडिया उनकी मदद करेगा और वह आगे बढ़ेंगे।"
झ्झारखण्ड में अगली सरकार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बनने की संभावना जताते हुए सिन्हा ने कहा, "देश के मुद्दों और राज्य के मुद्दों में अंतर है। यहां के लोग चीन या पाकिस्तान से पैदा खतरों की नहीं, भ्रष्टाचार, बीपीएल सूची, राशन की सुविधा जैसी चीजों की बात कर रहे हैं।"
उन्होंने कहा कि भारत-पाक संबंधों में चीन की भूमिका पर ओबामा ने बीजिंग में जो साझा बयान दिया था वह घातक है। यह भारत-अमेरिका के बीच कायम इस सिद्धांत का उल्लंघन था कि दोनों देश ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे दोनों में से किसी को आश्चर्य हो।
सिन्हा ने कहा कि भारत को अमेरिका में गिरफ्तार आतंकवादी हेडली और राणा के प्रत्यर्पण की मांग करनी चाहिए तथा अमेरिका से साफ-साफ कहना चाहिए कि मुंबई हमलों की जांच और सुनवाई के लिए हमें दोनों आतंकवादी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications