'वैश्विक चुनौतियों से निपटने के लिए भारत-अमेरिका साझेदारी जरूरी' (लीड-1)
नई दिल्ली, 21 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने शनिवार को कहा कि 21वीं सदी की चुनौतियों से निपटने के लिए भारत और अमेरिका की सतत एवं गतिशील साझेदारी जरूरी है। उन्होंने यह बात अमेरिका तथा त्रिनिदाद एवं टोबैगो की यात्रा पर रवाना होने से पहले जारी एक बयान में कही।
प्रधानमंत्री ने कहा, "द्विपक्षीय स्तर पर हम व्यापार और निवेश, सेवाओं, ऊर्जा, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, रक्षा, उच्च प्रौद्योगिकी व्यापार, शिक्षा, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग को व्यापक बनाकर रणनीतिक वार्ता को आगे बढ़ाने के इच्छुक हैं।"उन्होंने कहा कि भारत अमेरिका के साथ अपने रिश्तों को उच्च प्राथकिता देता है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षो में दोनों देशों के आपसी रिश्तों में बदलाव आया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि उनकी यात्रा से इन्हें और गति मिलेगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अमेरिकी राष्ट्रपति के साथ अंतर्राष्ट्रीय आतंकवाद, जलवायु परिवर्तन, वैश्विक आर्थिक मंदी, दोहा दौर की व्यापार वार्ता और परमाणु नि:शस्त्रीकरण जैसी वर्तमान वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा करने के इच्छुक हैं।
सिंह ने कहा, "मुझे अफगानिस्तान की स्थिति और अन्य क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।"
अमेरिका के दौरे में प्रधानमंत्री वरिष्ठ अमेरिकी मंत्रियों तथा कांग्रेस के प्रमुख सदस्यों से मुलाकात करेंगे। वह अमेरिकी चैंबर ऑफ कामर्स और अमेरिका-भारत व्यापार परिषद द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित एक व्यापारिक समारोह में भी हिस्सा लेंगे। वह अमेरिका की 'काउंसिल ऑफ फॉरेन रिलेशंस' को संबोधित करेंगे और वुडरो विल्सन सेंटर में भाषण देंगे।
अमेरिका दौरे के बाद प्रधानमंत्री राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए पोर्ट ऑफ स्पेन जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications