ओबामा की लोकप्रियता में गिरावट
वाशिंगटन, 21 नवंबर (आईएएनएस)। गैलप के ताजा सर्वेक्षण के अनुसार अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के काम का समर्थन करने वालों की संख्या दर में पहली बार 50 प्रतिशत से नीचे तक गिरावट आ गई है।
समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के अनुसार गैलप के दैनिक सर्वेक्षण में यह बात सामने आई है कि राष्ट्रपति के रूप में ओबामा जो काम कर रहे हैं, उस काम से 49 प्रतिशत अमेरिकियों ने अपना समर्थन दिया है।
सर्वेक्षण में कहा गया है कि ओबामा के समर्थन में सबसे ज्यादा गिरावट जुलाई और अगस्त महीने में आई है।
गैलप ने लिखा है, "ओबामा चौथे ऐसे राष्ट्रपति हैं, जिनके जन समर्थन का स्तर उनके कार्यकाल के 10वें महीने में तेजी के साथ नीचे आ रहा है। जेरार्ड फोर्ड अपने कार्यकाल के तीसरे महीने में इस मामले में 50 प्रतिशत से नीचे आ गए थे और बिल क्लिंटन अपने कार्यकाल के चौथे महीने में इतना ही नीचे आ गए थे। ओबामा की तरह रोनाल्ड रीगन भी अपने कार्यकाल के 10वें महीने में 50 प्रतिशत से नीचे आ गए थे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications