पाकिस्तान को शामिल किए बगैर विफल हो जाएगी कश्मीर वार्ता : कुरैशी
समाचार पत्र 'डॉन' के अनुसार शुक्रवार शाम पत्रकारों से चर्चा के दौरान कुरैशी ने कहा कि कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान पर्दे के पीछे से भारत के साथ किसी वार्ता में शामिल नहीं है।
कुरैशी ने कहा कि वह हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के नेता मीरवाइज उमर फारूक से न्यूयार्क में मिले थे और एक प्रतिनिधिमंडल को पाकिस्तान आने का निमंत्रण दिया। प्रतिनिधिमंडल के बकरीद के बाद पाकिस्तान पहुंचने की उम्मीद है।
कुरैशी ने कहा कि अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई के शपथ ग्रहण समारोह में वह भारत के विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा से मिले थे और यह स्पष्ट कर दिया था कि पाकिस्तान एक रचनात्मक और सार्थक वार्ता में शामिल होने का इच्छुक है।
उन्होंने कहा कि अब यह भारत पर है कि वह भविष्य में क्या चाहता है क्योंकि पाकिस्तान की केवल फोटो खिंचवाने वाली मुलाकात में कोई रुचि नहीं है।
कुरैशी ने यह भी कहा कि इससे पहले न्यूयार्क में कृष्णा के साथ हुई मुलाकात में उन्होंने समग्र वार्ता फिर आरंभ करने के लिए एक योजना उनको सौंपी थी। उन्होंने कहा कि समग्र वार्ता फिर आरंभ होना न केवल भारत और पाकिस्तान वरन पूरे क्षेत्र के हित में है।
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा की 24 नवंबर को होने वाली मुलाकात पर टिप्पणी करते हुए कुरैशी ने कहा कि भारत या किसी अन्य देश के दबाव में पाकिस्तान झुकने वाला नहीं है क्योंकि उसकी अपनी प्राथमिकताएं हैं और सभी निर्णय देश के हित में लिए जाएंगे।
मुल्ला उमर के कराची में होने संबंधी 'वाशिंगटन पोस्ट' की खबर के बारे में कुरैशी ने कहा कि यदि यह सूचना विश्वसनीय है तो आधिकारिक सूत्रों के माध्यम से इसे दिया जाना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications