राजनाथ ने सोनिया को आड़े हाथों लिया
जमशेदपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा, "सोनिया गांधी शुक्रवार को स्थिर सरकार देने की बात कर रही थीं। कहीं वह मजाक तो नहीं कर रही है? यह वही कांग्रेस है, जिसने अलग झारखण्ड राज्य के गठन का विरोध किया था। वह तो केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार थी, जिसने अलग झारखण्ड राज्य के विधेयक को मंजूरी दी। अब राज्य में कांग्रेस का क्या योगदान बचता है।"
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शुक्रवार को धनबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा था, "झारखण्ड का गठन विकास के लिए किया गया था। लेकिन राजनीतिक अस्थिरता के कारण विकास की आशाएं क्षीण हो गईं हैं, क्योंकि पिछले आठ वर्षो के दौरान राज्य में पांच मुख्यमंत्री सत्ता में आए।"
ज्ञात हो कि पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने झारखण्ड की 14 लोकसभा सीटों में से आठ सीटें जीती थी और 40 विधानसभा क्षेत्रों में वह आगे थी। राजनाथ सिंह ने जमशेदपुर में कहा, "यह परिणाम राज्य की जनता के मन मस्तिष्क को दर्शाते हैं।"
राजनाथ सिंह ने खाद्य पदार्थो की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए भी कांग्रेस नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की आलोचना की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications