मुंबई हमलों के संबंध में इटली में 2 पाकिस्तानी गिरफ्तार (लीड-2)
इन दोनों पर पिछले वर्ष 26-29 नवंबर को अंजाम दिए गए मुंबई हमले में आतंकवादियों को मदद करने का आरोप है।
समाचार चैनल सीएनएन ने इटली के जनरल इन्वेस्टीगेशन एंड स्पेशल आपरेशन्स के प्रमुख स्टेफनो फोंजी के हवाले से कहा कि इन दोनों की गिरफ्तारी शनिवार तड़के ब्रेसिया शहर में छापामारी के दौरान की गईं।
इन दोनों ने मुंबई में हुए आतंकी हमले से पहले 25 नवंबर 2008 को 229 डॉलर का स्थानांतरण किया था। इस राशि का उपयोग आतंकवादियों और साजिशकर्ताओं के इंटरनेट फोन अकाउंट को चालू करने के लिए किया गया था ताकि हमले के दौरान वे आपस में बातें कर सकें।
फोंजी ने कहा कि इस मामले में ब्रेसिया में स्थित राशि स्थानांतरण करने वाली एजेंसी के दो संदिग्धों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन्हें अन्य अवैध गतिविधि के तहत गिरफ्तार किया गया है।
फोंजी ने कहा कि इस मामले में भारतीय अधिकारियों और अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) द्वारा सतर्क किए जाने के बाद इटली पुलिस ने जांच शुरू की थी। भारतीय अधिकारियों और एफबीआई ने कहा था कि मुंबई हमले के दौरान धन का स्थानांतरण इटली से किया गया था।
पुलिस के एक बयान में कहा गया कि अधिकारियों ने एजेंसी की जांच तब शुरू की जब एक धन को एक ऐसे व्यक्ति के नाम से स्थानांतरित किया गया जो कि कभी इटली आया ही नहीं था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications