झारखंड में चुनाव प्रचार ने पकड़ा जोर, शीर्ष नेताओं का राज्य में जमावड़ा
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह शनिवार को चुनाव प्रचार के लिए राज्य में सक्रिय रहे। दूसरी ओर कांग्रेस ने अपने स्टार प्रचारक राहुल गांधी को मैदान में उतारा है, जो राज्य में कई रैलियों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राज्य में शुक्रवार को कई चुनावी रैलियों को संबोधित किया था।
पहले चरण के मतदान के दौरान राज्य विधानसभा की 81 सीटों में से 26 के लिए मतदान होगा।
शनिवार को आडवाणी, राजनाथ सिंह और वेंकैया नायडू, जनता दल (यूनाईटेड) के अध्यक्ष शरद यादव और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संयुक्त रूप से चुनाव प्रचार किया। आडवाणी और शरद यादव नाला, गोड्डा व देवघर में तीन रैलियों को संयुक्त रूप से संबोधित करेंगे। राजनाथ सिंह और नीतीश कुमार महागामा, बाघमारा और पश्चिम जमशेदपुर विधानसभा क्षेत्रों में संयुक्त रूप से तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। नायडू दो रैलियों को संबोधित करेंगे और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह झारखंड के पार्टी नेताओं के साथ चार रैलियों को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी ललितपुर, जामतारा और कांके विधानसभा क्षेत्रों में शनिवार को तीन रैलियों को संबोधित करेंगे। झारखंड के कांग्रेस प्रभारी केशव राव चुनाव अभियान की निगरानी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती भी अपनी पार्टी के पक्ष में रांची में एक रैली को संबोधित करेंगी।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) अकेले चुनाव लड़ रहा है। जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है और वह प्रति दिन तीन से पांच रैलियों को संबोधित कर रहे हैं।
राज्य में पांच चरणों में हो रहा चुनाव 25 नवंबर से शुरू होकर 18 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications