शिव सेना के हमले के खिलाफ मीडिया कर्मियों का प्रदर्शन
विभिन्न मीडिया समूहों के सैकड़ों पत्रकार और गैर पत्रकार कर्मचारियों ने दक्षिण मुंबई के हुतात्मा चौक पर इकट्ठा होकर हमले के शिकार हुए टीवी चैनल के कर्मचारियों के प्रति अपनी एकता और सहानुभूति का प्रदर्शन किया।
दो समाचार चैनलों के शीर्ष अधिकारियों के नेतृत्व में मीडिया कर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री अशोक चव्हण से मिला और मीडिया व प्रेस की आजादी पर सेना के हमले पर अपना विरोध दर्ज कराया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल एस.सी.जमीर ने शनिवार को इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। एक बयान में जमीर ने राज्य सरकार को निर्देश दिया कि वह भविष्य में मीडिया तथा मीडिया कर्मियों पर इस तरह के हमलों को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए।
हमले को शर्मनाक करार देते हुए राज्यपाल ने कहा कि पिछले 18 महीनों के दौरान मुंबई में मीडिया पर यह तीसरा बड़ा हमला था और इस तरह की घटनाएं ने राज्य और यहां के लोगों की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया है।
राज्यपाल ने कहा है, "जहां एक ओर हिंसा में शामिल लोगों को दंडित किया जाना आवश्यक है, वहीं उन लोगों को भी दंडित करना और बेनकाब करना उतना ही आवश्यक है जो इस तरह की असभ्य हरकतों की जिम्मेदारी लेते हैं और इसे उचित ठहराते हैं। मीडिया को भी चाहिए कि समाचार और विचार को प्रस्तुत करते समय तटस्थ रहे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications