तालिबानी रॉकेट हमले में 4 पाकिस्तानी सैनिकों की मौत
इस्लामाबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत में एक सैन्य शिविर पर तालिबान आतंकवादियों के रॉकेट हमले में चार पाकिस्तानी सैनिक मारे गए। सेना ने जवाबी गोलाबारी में छह आतंकवादियों को मार गिराया।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार कबायली जिले उत्तरी वजीरिस्तान के मीर अली कस्बे में आतंकवादियों ने सेना के शिविर पर गोलाबारी की।
मीर अली कस्बा दक्षिणी वजीरिस्तान की सीमा पर स्थित है, जहां पिछले महीने एक सैन्य अभियान चलाया गया था। माना जा रहा है कि अधिकांश आतंकवादी वहां से पलायन कर उत्तरी वजीरिस्तान में पहुंच गए और अब एकजुट हो रहे हैं।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर हाल के दिनों में लगातार आतंकवादियों का निशाना बनी है।
शनिवार सुबह जर्मनी के अंतर्राष्ट्रीय स्वास्थ्य और शिक्षा संगठन के पेशावर के बाहरी इलाके में स्थित कार्यालय पर बम हमला हुआ। हमले में एक सुरक्षाकर्मी घायल हो गया।
इससे एक दिन पहले पुलिस के गश्त लगा रहे एक दल को निशाना बनाकर किए गए बम विस्फोट में तीन पुलिसकर्मियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications