अब महात्मा गांधी के नाम पर राशन कार्ड!
हैदराबाद, 21 नवंबर (आईएएनएस)। चाहे आप यकीन करें या न करें-आंध्र प्रदेश के अधिकारियों ने महात्मा गांधी के नाम पर एक राशन कार्ड जारी किया है, इसमें उनकी फोटो भी लगी हुई है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कार्ड में गांधीजी के हत्यारे नाथूराम गोडसे का नाम उनके पिता के रूप में लिखा गया है। हालांकि 'गोडसे' अशुद्ध लिखा गया है।
फर्जी राशन कार्डो का पता लगाने के लिए चित्तूर जिले में चलाए गए एक अभियान के दौरान इस कार्ड के सामने आने के बाद जिला अधिकारी वी. शेषाद्री ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
यह राशन कार्ड चित्तूर जिले के रामचंद्रपुरम मंडल के चित्तागुंटा गांव में जारी किया गया था। इस पर महात्मा गांधी का चित्र लगा है और उनका नाम एम.के.गांधी थाटा (तेलुगू में इसका अर्थ दादा होता है), उम्र 65 वर्ष, पिता का नाम गोडसे, पता 15-46541 गांधी स्ट्रीट, गांधी रोड लिखा है। यह पता एक उचित मूल्य की दुकान का है।
शेषाद्री ने मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के लिए तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया है।
फर्जी राशन कार्ड जारी होने की यह पहली घटना नहीं है। पहले भी राजनेताओं, फिल्म स्टारों, खिलाड़ियों और यहां तक कि हिंदू देवताओं के नाम पर भी फर्जी कार्ड जारी होते रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications