राहुल की पसंदीदा क्वालिस दुर्घटनाग्रस्त

सुल्तानपुर जिले के पुलिस अधीक्षक सत्येंद्रवीर सिंह ने बताया कि प्रियंका का काफिला शनिवार सुबह करीब दस बजे मुंशीगंज अतिथि गृह से गौरीगंज की तरफ निकला। प्रियंका आगे चल रही टाटा सफारी गाड़ी में सवार थीं जबकि क्वालिस पीछे थी। अचानक एक वृद्ध महिला रास्ते में आ गई और तभी काफिले के सभी वाहन रुक गए। इसी दौरान क्वालिस के पीछे चल रही स्थानीय पुलिस की जीप ने नियंत्रण खोते हुए उसे टक्कर मार दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टक्कर में क्वालिस का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया हालांकि उसमें सवार चालक और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय प्रतिनिध के. एल. शर्मा को चोट नहीं आई। जिस हरे रंग की क्वालिस को टक्कर लगी है वह राहुल गांधी की पसंदीदा गाड़ी है। लगभग अपने हर अमेठी दौरे में वह इसी गाड़ी में यात्रा करते हैं। शुक्रवार को भी उन्होंने प्रियंका के साथ इसी गाड़ी में यात्रा की थी और प्रियंका खुद इसे चला रही थी।
प्रियंका फिलहाल इलाके के खालिसपुर गांव में महिलाओं के स्वयं सहायता समूहों की बैठक में हिस्सा ले रही हैं। क्षेत्र में जहां कहीं भी उनके कार्यक्रम हो रहे हैं, वहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मीडिया को उनके कार्यक्रमों से दूर रखा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications