मंत्रिमंडल की बैठक में गन्ना मूल्य पर चर्चा नहीं हुई : सोनी
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना और प्रसारण मंत्री अंबिका सोनी ने कहा कि गन्ना मूल्य नीति में संशोधन पर बैठक में चर्चा नहीं हुई।
बहरहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सहयोगियों के साथ एक आपात बैठक की। संसद भवन में हुई इस बैठक में वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी, कानून मंत्री एम. वीरप्पा मोइली, कृषि मंत्री शरद पवार और गृह मंत्री पी. चिदंबरम शामिल हुए। बैठक में लिए गए फैसले के बारे में पूछे जाने पर मंत्रियों ने कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
मनमोहन सिंह ने कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी को भी भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार गन्ना किसानों की समस्याओं पर गौर करेगी और जरूरत पड़ी तो किसानों के हित में फेयर एंड रिम्युनेरेटिव प्राइस (एफआरपी) अध्यादेश में संशोधन भी करेगी।
कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने गुरुवार शाम एक बयान जारी कर कहा कि राहुल गांधी ने आज सुबह प्रधानमंत्री से मुलाकात की और उन्हें गन्ना किसानों की भावनाओं से अवगत कराया।
बयान के मुताबिक प्रधानमंत्री ने राहुल को आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार गन्ना किसानों की समस्याओं पर गौर करेगी और जरूरत पड़ी तो किसानों के हित में फेयर एंड रिम्युनेरेटिव प्राइस (एफआरपी) अध्यादेश में सुधार भी किया जाएगा।
दिग्विजय सिंह ने कहा, "कांग्रेस सभी गन्ना किसानों से अपील करती है कि वह संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की किसान हितैषी नीतियों पर भरोसा रखे। हम उन्हें भरोसा दिलाना चाहते हैं कि मौजूदा परिदृश्य को देखते हुए गóो की कीमतों में हर संभव वृद्धि की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications