प्रधानमंत्री ने शंकरानंद के निधन पर शोक जताया
बेंगलुरू, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने गांधी-नेहरू परिवार के बेहद करीबी रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री बी. शंकरानंद के निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है। उनका गुरुवार को दिल का दौर पड़ने से निधन हो गया था। वह 84 वर्ष के थे।
प्रधानमंत्री ने शंकरानंद के परिवार को भेजे अपने शोक संदेश में कहा, "हमने एक ऐसा नेता खो दिया है जिसे गरीबों और पिछड़ों के हमदर्द के रूप में हमेशा याद किया जाएगा।"
उन्होंने कहा, "वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। तीन प्रधामंत्रियों के साथ उन्होंने काम किया और आठ बार लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।"
शंकरानंद के परिवार के सदस्यों के मुताबिक उनका निधन बेलगाम स्थित एक निजी अस्पताल में हुआ। किडनी में तकलीफ की शिकायत के बाद उन्हें 18 नवम्बर को अस्पताल में दाखिल कराया गया था।
शंकरानंद आठ बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। लोकसभा में वह चिक्कोडी संसदीय क्षेत्र प्रतिनिधित्व करते थे। वर्ष 1996 के लोकसभा चुनाव में वह हार गए थे और तभी से वह सक्रिय राजनीति से दूर हो गए थे।
शंकरानंद बहुचर्चित बोफोर्स कांड की जांच के लिए गठित की गई संसदीय समिति के अध्यक्ष भी थे। उन्होंने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि स्वीडिश होवित्जर तोपों के सौदे में कोई दलाली नहीं ली गई और न ही उसमें कोई अनियमितता बरती गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications