मध्य प्रदेश में डेंगू से अब तक हुई 86 लोगों की मौत
भोपाल 20 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में इस साल 4926 लोग डेंगू से संक्रमित पाए गए जिनमें से अभी तक 86 लोगों की मौत हो चुकी है। औसतन प्रतिमाह आठ लोगों की मौत हुई है। राज्य में इस महीने डेंगू के 657 मामले सामने आए हैं।
विधानसभा में शुक्रवार को कांग्रेस विधायक राम निवास रावत , रत्नेश सालोमन और चौधरी राकेश सिंह ने प्रदेश में बिगड़ी स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायकों का आरोप था कि डेंगू, स्वाइन फ्लू और मलेरिया ने महामारी का रूप ले लिया है। चिकित्सकीय सुविधाओं के आभाव में लोगों की मौत हो रही है।
स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा ने कांग्रेस विधायकों के आरोपों को नकारते हुए कहा कि डेंगू, स्वाइन फ्लू और मलेरिया के रोगियों के लिए उपचार के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
डेंगू का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने कहा," प्रदेश में जनवरी 2009 से लेकर 18 नवंबर 2009 तक कुल 4926 मरीज डेंगू से संक्रमित पाए गए जिनमें से अब तक कुल 86 मरीजों की मौत हो चुकी है। अगस्त में जहां 41 जिलों में डेंगू के मामले सामने आए थे वहीं नवंबर में 12 जिलों में ही डेंगू के मामले सामने आए हैं।"
डेंगू पर नियंत्रण के लिए किए गए इंतजामों के बारे में मिश्रा ने बताया कि सभी चिकित्सा महाविद्यालयों में 'मेक एलायजा टेस्ट' की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राज्य के पांच जिलों खंडवा, गुना, सागर, सतना और बैतूल में भी परीक्षण की व्यवस्था की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications