झारखण्ड में कांग्रेस की सरकार बनी तो जनजातियों का विकास होगा : सोनिया
सोनिया ने शुक्रवार को यहां आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "झारखण्ड राज्य का गठन विकास के लिए हुआ था। जब झारखण्ड अलग राज्य बना था तब यही कल्पना की गई थी कि जनजातियों की संस्कृति और परम्पराओं को बनाए रखते हुए उनका विकास किया जाएगा लेकिन राजनीतिक अस्थिरता ने सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पिछले आठ सालों में इस राज्य ने पांच मुख्यमंत्रियों को देख लिए।"
उन्होंने कहा, "विकास के लिए राज्य में स्थायी और भ्रष्टाचार मुक्त सरकार चाहिए। इसलिए आप गंभीरता से सोचिए किसे अपना वोट डालना है। कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सिर्फ वादे नहीं करती, वादे पूरे भी करती है।"
विभिन्न परियोजनाओं के लिए हो रहे विस्थापन को उन्होंने एक गंभीर मुद्दा बताया और कहा, "कांग्रेस यदि सत्ता में आई तो पहले पुनर्वास होगा फिर विस्थापन। आप चाहते हैं कि केंद्रीय परियोजनाएं आप तक पहुंचे तो आप कांग्रेस को वोट अपना वोट दीजिए।"
सोनिया ने पिछले साल जनवरी महीने में राज्य में लगे राष्ट्रपति शासन के दौरान अब तक हुए कामकाज की परोक्ष रूप से सराहना करते हुए कहा, "पिछले कुछ महीनों में प्रदेश की जनता के लिए कई कदम उठाए गए हैं। राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (नरेगा) के तहत जॉब कार्ड बांटे गए हैं। सूखे के दौरान खाद्यान्न की आपूर्ति की गई। अनाज में सस्ते अनाज की सरकारी दुकानें खोली गई।"
उन्होंने इस मौके पर केंद्र सरकार की कई योजनाओं- मसलन किसानों की ऋण माफी, अल्पसंख्यकों के लिए अलग मंत्रालय, पंचायतों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था इत्यादि का जिक्र किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications