अपने राष्ट्रपति से ज्यादा ओबामा पर भरोसा करते हैं ताइवानवासी
ताइपे, 20 नवंबर (आईएएनएस)। ताइवान के बहुसंख्यक लोग अपने राष्ट्रपति या चीन के राष्ट्रपति से ज्यादा अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा पर यकीन करते हैं। यह बात शुक्रवार को जारी एक सर्वेक्षण के नतीजों से उभरकर सामने आई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार 'ग्लोबल व्यू' पत्रिका ने 1004 वयस्कों को इस सर्वेक्षण में शामिल किया था। इनमें से महज 38.6 प्रतिशत ही ताइवान के राष्ट्रपति मा यिंग जियू पर यकीन करते हैं जबकि ओबामा पर 46.1 प्रतिशत लोग यकीन करते हैं।
इसी तरह ताइवान की लोकतंत्र समर्थक डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी की अध्यक्ष त्साइ यिंग वेन पर 35.4 लोग यकीन करते हैं, जबकि महज 17.5 प्रतिशत लोग चीन के राष्ट्रपति हू जिन्ताओ पर यकीन करते हैं।
इनमें से 52.9 प्रतिशत लोगों की राय में ओबामा ताइवान के लिए मैत्री भाव रखते हैं और 52.3 प्रतिशत का मानना है कि ताइवान के हितों की रक्षा चीन से ज्यादा बेहतर ढंग से अमेरिका कर सकता है।
इसके अलावा 61 प्रतिशत लोगों की राय है कि वे मा के प्रदर्शन से संतुष्ट नहीं हैं। विश्लेषकों का मानना है कि अगस्त में आए तूफान से निपटने के सरकार के प्रयासों से नाखुश होने की वजह से ऐसा हो रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications