मनमोहन सिंह के साथ क्षेत्रीय मसलों पर चर्चा करेंगी हिलेरी
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 20 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आगामी अमेरिका यात्रा के दौरान व्हाइट हाउस में होने वाले आयोजनों और बैठकों के अलावा अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन भी उनके साथ अलग से एक बैठक करेंगी। इस में दक्षिण एशियाई मामलों पर विशेष रूप से विचार-विमर्श होगा।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान कैली ने संवाददाताओं को गुरुवार को बताया, "मुझे लगता है कि क्षेत्रीय विशेष तौर पर अहम रहेंगे क्योंकि विदेश मंत्री हाल ही में अफगानिस्तान की यात्रा से लौटी हैं। ऐसे में वे लोग क्षेत्रीय मसलों पर बात करना चाहेंगे।"
उन्होंने बताया, "व्यापक कूटनीतिक मसलों के अलावा वह भारत के साथ सामरिक वार्ता में विदेश विभाग की भूमिका के बारे में बातचीत करना चाहती हैं। हम विस्तार से जानना चाहते हैं कि हम इस सूरत में क्या कर सकते हैं।"
कैली ने बताया कि क्लिंटन राष्ट्रपति बराक ओबामा की ओर से मनमोहन सिंह को दिए जाने वाले रात्रि भोज में शरीक रहने के अलावा उसी दिन भारतीय प्रतिनिधिमंडल को दोपहर के भोजन पर आमंत्रित करेंगी। उन्होंने बताया कि मनमोहन सिंह के साथ वह द्विपक्षीय बैठक भी करेंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications