महाकुंभ में श्रद्धालुओं के लिए उत्तर प्रदेश में बनेंगे अस्थाई शिविर
लखनऊ, 20 नवंबर(आईएएनएस) उत्तराखण्ड के हरिद्वार में अगले साल 14 जनवरी को मकर संक्रान्ति के अवसर पर लगने वाले महाकुंभ मेले के मद्देनजर पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। महाकुंभ मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के लिए विभिन्न जिलों में श्रद्धालुओं के लिए अस्थाई शिविर स्थापित किये जाएंगे।
मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बिजनौर, पीलीभीत और सहारनपुर में स्थापित होने वाले अस्थाई शिविरों में श्रद्धालुओं के लिए खान-पान केंद्र, बैठने व आराम करने की व्यवस्था सहित अन्य बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इन शिविरों में आने वाले वाहनों की पार्किं ग (ठहराव) के लिए भी पर्याप्त इंतजाम किये जाएंगे।
अस्थाई शिविर बनाने का जिम्मा मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग ने लिया है। जिसके तहत उसने कई जिलाधिकारियों को इस संबंध में निर्देश जारी किये हैं।
बिजनौर की जिलाधिकारी संयुक्ता समतदार ने शुक्रवार को आईएएनएस को बताया, "हमें निर्देश दिया गया है कि महाकुंभ में जाने वाले श्रद्धालुओं को बुनियादी सुविधाओं में किसी प्रकार की कठिनाई न होने पाये।"
जिलाधिकारी ने बताया कि महाकुंभ में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं के लिए बनने वाले अस्थाई शिविरों के निर्माण के लिए हमने दो स्थानों का चयन कर लिया है जहां करीब 200 बसें खड़ी की जा सकती हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications