पाकिस्तान में बम विस्फोट, 3 पुलिसकर्मियों की मौत
इस्लामाबाद, 20 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर में शुक्रवार को एक सड़क के किनारे हुए बम विस्फोट में तीन पुलिस कर्मियों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस सूत्रों ने दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार पेशावर के करीब यक्का तूत इलाके में गश्त लगाते पुलिस के वाहन को रिमोट कंट्रोल के जरिए बम से उड़ा दिया गया।
पुलिस अधिकारी अब्दुल कादिर ने बताया, "दो पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ा।"
इससे पहले गुरुवार को यहां एक न्यायालय परिसर पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 19 लोग मारे गए थे।
पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा गत 17 अक्टूबर से तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किए जाने के बाद से पाकिस्तानी शहरों और कस्बों पर आतंकी हमलों की घटनाएं बढ़ गई हैं।
आतंकवादियों के मुख्य निशाने पर पेशावर है जो कबायली इलाकों के काफी करीब है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications