'देश से बाहर रहते हैं 40 लाख इतालवी'
गुरुवार को जारी 'माइग्रेंट्स फाउंडेशन' की रिपोर्ट में कहा गया है कि 39.1 लाख इतालवी नागरिक इटली से बाहर यूरोप, अमेरिका, एशिया, अफ्रीका और दक्षिणी, पश्चिमी व मध्य प्रशांत महासागर के द्वीप समूहों में रहते हैं। वर्ष 2008 में इनकी संख्या 37.3 लाख थी।
फाउंडेशन का कहना है कि इनमें से 21.8 लाख यूरोप में, 15.2 लाख अमेरिका में, 126,000 दक्षिणी, पश्चिमी व मध्य प्रशांत महासागर के द्वीप समूहों में, 51,000 अफ्रीका में और 32,000 लोग एशिया में रहते हैं।
इटली से बाहर रहने वाले एक तिहाई से ज्यादा इतालवियों का जन्म इटली के बाहर ही हुआ है।
ज्यादातर इतालवी प्रवासी जर्मनी, अर्जेटीना, स्विट्जरलैंड, फ्रांस, ब्राजील, बेल्जियम और अमेरिका में रहते हैं। इनमें से 54 प्रतिशत लोग इटली के दक्षिणी इलाके से हैं। इन इलाकों में निर्धनता अधिक है।
प्रवासियों में ज्यादातर लोग राजधानी रोम और दक्षिणी शहरों एग्रीजेंटो, कोसेन्जा, सैलर्नो व नैपल्स से हैं।
इनमें से 54 प्रतिशत लोगों की उम्र 35 वर्ष से कम है। यद्यपि 65 वर्ष से अधिक आयु के 19.3 प्रतिशत और 18 वर्ष से कम आयु के 16.6 प्रतिशत लोग इटली से बाहर रहते हैं।
इसके विपरीत 38.9 लाख विदेशी इटली में रहते हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में इतालवी मूल के छह करोड़ लोग हैं। इनमें से 68 प्रतिशत लोग लातिन अमेरिका में, 28 प्रतिशत लोग उत्तर अमेरिका में, 3.5 प्रतिशत यूरोप में और 0.5 प्रतिशत लोग आस्ट्रेलिया में रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications