नक्सलियों ने पटरी उड़ाई, बस और खदान भी थे निशाने पर (लीड-1)
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि पटरी उड़ाने की घटना गुरुवार रात 9.30 बजे की है। विस्फोट की वजह से टाटानगर-बिलासपुर यात्री गाड़ी के छह डिब्बे पटरी से उतर गए।
चक्रधरपुर रेलवे मंडल के जनसंपर्क अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने कहा, "मनोहरपुर और पोसाइता स्टेशनों के बीच हुई इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। घायलों का उड़ीसा में उपचार किया जा रहा है।" उन्होंने कहा कि रेलमार्ग पर मरम्मत का कार्य जारी है।
पुलिस के अनुसार नक्सलियों को लगा कि ट्रेन में अर्धसैनिक बलों के सैंकड़ों जवान सवार हैं जिन्हें राज्य में 25 नवंबर से होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यहां तैनाती के लिए लाया जा रहा है।
कोल्हन क्षेत्र के उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज मिश्रा ने कहा, "कुछ ही अंतराल पर दो विस्फोट हुए। दोनों विस्फोटों में 35 से 40 किलोग्राम विस्फोटकों का इस्तेमाल किया गया।"
पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सलियों को शुक्रवार सुबह भी कुछ वारदातों को अंजाम देने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि यहां के दरोगासाई गांव में छापेमारी की गई जहां से 20 लोगों को अगवा किया गया था।
राज्य पुलिस के प्रवक्ता वी. एच. देशमुख ने आईएएनएस से कहा, "कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने इस गांव से बम और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की थी। हमारी सूचना के मुताबिक नक्सली ग्रामीणों को धमका रहे हैं कि वे पुलिस के साथ सहयोग न करें।"
पुलिस ने भारतीय इस्पात प्राधिकरण (सेल) की किरीबुरु स्थित खदान में रखे 20 किलोग्राम के बम को निष्क्रिय कर दिया। नक्सलियों ने एक बस पर भी गोलीबारी की लेकिन इसमें कोई हताहत नहीं हुआ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications