पेशावर में शक्तिशाली विस्फोट, 16 मरे, 25 घायल (लीड-2)
पेशावर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक न्यायालय परिसर में शक्तिशाली आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 16 लोग मारे गए और 25 अन्य घायल हो गए।
पेशावर में अक्टूबर की शुरूआत के बाद से यह नौवां विस्फोट है। जिला समन्वयन अधिकारी साहिबजादा अनीस ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर शहर के खबर रोड क्षेत्र में न्यायालय परिसर में शामिल होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने रोक दिया।
हमलावर ने इसका विरोध किया और बाद में धमाका कर दिया। अधिकारी ने बताया कि मरने वालों में तीन पुलिसकर्मी और दो वकील शामिल हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार इस क्षेत्र में खुफिया एजेंसी के कार्यालय, गवर्नर हाउस और मुख्यमंत्री का आवास है।
लेडी रीडिंग अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक साब गुल ने 'जियो न्यूज' को बताया कि विस्फोट में 16 लोग मारे गए हैं और घायलों में पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पेशावर में हुए बम विस्फोट की कड़ी शब्दों में निंदा की है। उन्होंने मासूम लोगों के मारे जाने की भर्त्सना की है।
पाकिस्तान में गत पांच अक्टूबर के बाद हुए आतंकवादी हमलों में 225 लोग मारे गए और 400 से ज्यादा घायल हो गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications