भारत की कीमत पर चीन से संबंध नहीं : अमेरिका
वाशिंगटन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के चीन दौरे और उसके साथ बेहतर संबंधों की बात के बीच अमेरिका ने स्पष्ट किया है कि चीन अथवा किसी भी अन्य देश के साथ बेहतर संबंध भारत की कीमत पर नहीं होगा।
अमेरिका के उप विदेश मंत्री विलियम बर्न्स ने कहा, "हां, यह सही है कि हम चीन के साथ बेहतर संबंध बनाना चाहते हैं लेकिन इस का मतलब यह नहीं है कि यह भारत की कीमत पर होगा।"
बर्न्स ने यह बात तब कही है, जब उनसे पूछा गया कि चीन में बराक ओबामा ने अपने महत्वपूर्ण भाषण में वैश्विक मामलों में एशिया की भूमिका पर चर्चा के दौरान भारत का उल्लेख नहीं किया।
कारनेज एंडोमेंट फार इंटरनेशनल पीस के कार्यक्रम अवसर पर उन्होंने कहा कि अमेरिका के लिए भारत की महत्ता कितनी है इसका स्पष्ट प्रमाण इसी से मिलता है कि अगले सप्ताह मनमोहन सिंह वाशिंगटन के दौरे पर आने वाले हैं।
बर्न्स ने कहा कि सामूहिक अंतर्राष्ट्रीय चिंता के मामलों पर अमेरिका चीन के अलावा कई अन्य देशों को भी जोड़ना चाहता है।
अन्य कई अमेरिकी अधिकारियों की तरह बर्न्स ने भी भारत को भरोसा दिलाया है कि अमेरिका भारत के साथ हुए असैन्य परमाणु समझौते को जल्द से जल्द अमली जामा पहनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications