ओबामा ने की दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति से मुलाकात
सियोल, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने एशियाई दौरे के अंतिम चरण में गुरुवार को दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली मयंग बेक से मुलाकात की।
दोनों नेताओं ने मुख्य रूप से उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम से संबद्ध बहुपक्षीय वार्ता में कम्युनिस्ट राष्ट्र को फिर से शामिल किए जाने के संयुक्त प्रयासों के बारे में चर्चा की।
इसके अलावा दोनों नेताओं ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के बीच सुरक्षा गठबंधन तथा मुक्त व्यापार समझौते के प्रस्तावित अनुमोदन के बारे में विचार-विमर्श किया।
अमेरिकी प्रशासन की जल्द ही उत्तर कोरिया मामलों के अपने विशेष प्रतिनिधि स्टीफन बोस्वर्थ को प्योंगयोंग भेजने की योजना है। बातचीत का मकसद छह पक्षीय वार्ता की बहाली है। उत्तर कोरिया से इस वार्ता से गत अप्रैल में हट गया था।
इस वार्ता में उत्तर कोरिया के अलावा चीन, जापान, रूस, दक्षिण कोरिया और अमेरिका भी हिस्सा ले रहे थे।
ओबामा अपने एशियाई दौरे में जापान, सिंगापुर, चीन के बाद दक्षिण कोरिया पहुंचे हैं। गुरुवार को दक्षिण कोरिया के समीप एक अमेरिकी सैन्य ठिकाने का दौरा करने के बाद ओबामा स्वदेश रवाना हो जाएंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications