परिवार के 5 सदस्यों की हत्या के बाद आत्महत्या की
सागर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में आर्थिक तंगी के चलते एक व्यक्ति ने अपने परिवार के पांच सदस्यों की हत्या कर आत्महत्या कर ली है। पुलिस को मौके से मिले सुसाइड नोट में वारदात को अंजाम देने की वजह पैसों का लेन देन बताई गई है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार केंट थाने के रजाखेड़ी इलाके में गुरुवार की सुबह संतोष पाठक का शव घर के बाहर फांसी के फंदे पर लटकती मिली और घर के भीतर से पत्नी लक्ष्मी पाठक दो बेटों हर्ष, सन्नी और दो बेटियों प्रेमा एवं हर्षिता के शव बरामद किए गए।
पाठक के घर के भीतर पांच लोगों की हत्या कुल्हाड़ी और लोहे के राड से वार कर की गई है। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है जिसे संतोष पाठक ने लिखा है।
सागर के पुलिस अधीक्षक योगेश चौधरी ने आईएएनएस को बताया कि पाठक ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि उसे कुछ लोगों से रकम लेना है जो नहीं दे रहे हैं। इसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। चौधरी के अनुसार पुलिस ने सुसाइड नोट में दर्ज लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया है कि संतोष पहले ठेकेदारी करता था परंतु पिछले कुछ दिनों से वह बेरोजगार था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications