महोबा में पत्थर खदान धंसने से 3 श्रमिकों की मौत
महोबा जिले के गौरहारी गांव में डायसफोर पैरालाइड नामक पत्थर की कई खदाने चल रहीं हैं। एक खदान गौरा उद्योग सहकारी समिति के नाम आवंटित है। ठेकेदारों ने पत्थर तोड़ने की गरज से बुधवार को अवैध तरीके से विस्फोट कर करीब 200 फीट गहराई में मलबा हटाने के लिये आधा दर्जन मजदूरों को नीचे उतार दिया।
इसी दौरान करीब 10 टन वजनी एक चट्टान खिसक कर नीचे जा गिरी। इस दौरान वहां काम कर रहे श्रमिक रामकिशन अहिरवार (35), जय सिंह (30) और टेकचन्द्र (14) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि रवि बाल्मिकी (32) व कुंवर लाल (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। गांव के लागों ने मृतकों और घायलों को मलबे से बाहर निकाला।
प्रभारी निरीक्षक सन्तलाल ने बताया," गौरा उद्योग सहकारी समिति के संचालक राजाराम व तीन ठेकेदारों सहित नौ लोगों के विरुद्घ मामला दर्ज किया गया है।"
पुलिस अधीक्षक मंजिल सैनी ने कहा " घटना की जांच सीओ हरगोविन्द मिश्रा से कराई जा रही है।"
उधर, खनिज अधिकारी मोइनुद्दीन का कहना है कि " तीनों मृतकों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गयी है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications