किसान रैली में बार-बार गूंजा चौधरी चरण सिंह का नाम
रैली को संबोधित करने वाले तकरीबन सभी वक्ताओं ने किसी न किसी रूप में दिवंगत किसान नेता को याद किया। इसके साथ ही एकत्र किसानों ने भी बार बार 'चौधरी चरण सिंह जिंदाबाद' के नारे लगाए।
रैली में आए किसान केंद्र सरकार से आरपार की लड़ाई के लिए पूरी तैयारी और जोश के साथ राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के नेता अजित सिंह के आह्वान पर बसों और अन्य गाड़ियों में भरकर दिल्ली पहुंचे थे।
किसान रैली में युवाओं के साथ ही बुजुर्ग, किशोर और महिलाएं भी थीं। यहां तक कुछ नेत्रहीन भी रैली में आए थे।
मेरठ से आए 77 वर्षीय बुजुर्ग मथन सिंह ने कहा कि जब तक गóो के मूल्य पर कोई फैसला नहीं हो जाता, कोई किसान यहां से वापस नहीं लौटेगा।
बागपत से आए रोहतास (50 वर्ष) ने बताया कि वह कंबल, बिछावन और भोजन की पूरी व्यवस्था के साथ आए हैं और जब तक अजीत सिंह नहीं कहेंगे कोई किसान दिल्ली से नहीं जाएगा।
रैली में अजीत सिंह के बेटे सांसद जयंत सिंह के भाषण पर भी किसानों ने खूब तालियां बजाईं। उनके भाषण के दौरान किसानों के उत्साह से लग रहा था कि तीसरी पीढ़ी के राजनीति में आने के बावजूद चौधरी चरण सिंह का जादू खत्म नहीं हुआ है।
किसानों के बीच मीडिया को लेकर भी खासा उत्साह था। जब भी कोई कैमरा दिखाई देता किसान और जोरशोर से नारेबाजी में जुट जाते। संवाददाताओं को कुछ भी लिखते देख वे उसके अखबार का नाम अवश्य पूछते। एक किसान ने तो संवाददाता को आलू के परांठे खाने का भी निमंत्रण दिया।
रैली के दौरान भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के सांसद डी.राजा ने अंग्रेजी ने भाषण दिया लेकिन उनके भाषण के दौरान भी किसानों ने उत्साह से तालियां बजाईं और नारेबाजी की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications