हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने की भारत-अमेरिका संबंधों की सराहना
वाशिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स ने एक प्रस्ताव पारित कर परिपक्व होते भारत-अमेरिकी संबंधों की सराहना की और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अमेरिका यात्रा का स्वागत किया।
सदन ने बुधवार को ध्वनिमत से पारित इस प्रस्ताव में कहा, "दुनिया भर में शांति, स्थायित्व, लोकतंत्र और समृद्धि को बढ़ावा देने में भारत और अमेरिका के रिश्तों में अपार संभावनाएं हैं।"
प्रस्ताव में कहा गया है कि परस्पर महत्व और हित वाले क्षेत्रों में वैश्विक नेतृत्व मुहैया कराने के लिए दोनों देशों में एक साथ मिलकर काम करने की क्षमता को बढ़ावा देने का सामथ्र्य भी मौजूद है।
प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा का स्वागत करते हुए प्रस्ताव में दोनों देशों के परिपक्व होते संबंधों की प्रशंसा की गई है। दोनों के रिश्तों के परिपक्व होने की मिसाल मनमोहन सिंह की आगामी यात्रा है।
प्रस्ताव में कहा गया है सिंह ने बाजार अर्थव्यवस्था के विस्तार को अनुमति देने के लिए भारत की आर्थिक नतियों को आकार देने में मदद की है। ये नीतियां भारत की व्यापक आर्थिक समृद्धि और मध्यम वर्ग की तरक्की का सबब बनी हैं।
इस प्रस्ताव का प्रायोजन अमेरिकी कांग्रेस में भारत और भारतीय अमेरिकियों की समर्थक लॉबी के डेमोक्रेट सदस्य जिम मैकडर्मोट और रिपब्लिकन सदस्य एड रॉयस और सह-प्रायोजन मध्य-पूर्व तथा दक्षिण एशिया मामलों पर सदन की उपसमिति के डेमोक्रेट अध्यक्ष गैरी ऑकरमैन तथा समिति के वरिष्ठ रिपब्लिकन सदस्य डेन बर्टन ने किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications