भारत के साथ अहम रहेंगे 21 वीं सदी में रिश्ते : अमेरिका

वाशिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। भारत को एक उभरती वैश्विक शक्ति करार देते हुए अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि 21 वीं सदी में भारत-अमेरिकी संबंधों से ज्यादा अहम शायद ही कोई घटनाक्रम होगा।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की अगले सप्ताह प्रस्तावित अमेरिकी यात्रा से पहले राजनीतिक मामलों के अमेरिकी विदेश राज्य मंत्री विलियम जे. बर्न्‍स ने कहा, "आप सभी जानते हैं कि भारत एक उभरती वैश्विक ताकत है, जो जल्दी ही 10 खरब डॉलर से ज्यादा की अर्थव्यवस्था वाला सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश भी होगा।"

वाशिंगटन की प्रमुख संस्था कार्नेगी एंडोमेंट फॉर इंटरनेशनल पीस में अपने संबोधन में बर्न्‍स ने कहा, "यह इत्तेफाक है कि ओबामा प्रशासन की प्रथम राजकीय यात्रा भारत के ही प्रधानमंत्री की होने जा रही है। मनमोहन सिंह की अगले सप्ताह होने वाली यात्रा महान अवसर प्रदान करेगी।"

उन्होंने कहा, "दुनिया भर में कुछ ही रिश्ते हमारे साझा भविष्य के लिए इससे ज्यादा अहम होंगे या फिर हम सभी के लिए चुनौती बन चुके मसलों पर अमेरिका और भारत के बीच रिश्तों से ज्यादा रचनात्मक कार्रवाई का वादा करेंगे।"

उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंधों ने एक लंबा सफर तय किया है। उन्होंने कहा, "आज अमेरिका में करीब 30 लाख भारतीय मूल के अमेरिकी हैं, जो दोनों देशों को जोड़ने का काम करते हैं।"

बर्न्‍स ने कहा, "एक लाख से ज्यादा भारतीय छात्र हर साल अमेरिकी स्कूलों और विश्वविद्यालयों में शिक्षा अर्जित करते हैं। यह संख्या किसी भी अन्य देश के छात्रों से ज्यादा है। भारत में हमारे दूतावास और वाणिज्य दूतावासों ने 50 प्रतिशत से ज्यादा वीजा विशेष दक्षता प्राप्त पेशेवरों को जारी किए हैं, जो दुनिया भर में किसी भी देश के लिए जारी किए सर्वाधिक वीजा हैं।"

उन्होंने कहा, "हमारे निजी क्षेत्र निरंतर बढ़ते व्यापारिक संबंधों से संबद्ध हैं जो वर्ष 2004 से दोगुना बढ़ने के बाद अब 43 अरब डॉलर की दर से सालाना बढ़ रहे हैं।"

आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष में दोनों देशों के बीच सहयोग के बारे में बर्न्‍स ने कहा, "हमले रोकने तथा अपने देशों की जनता की हिफाजत के लिए पिछले साल भर से दोनों देशों ने सूचनाओं का आदान-प्रदान बेहतर बनाने के लिए एक नया तंत्र विकसित किया है।"

उन्होंने कहा कि गृह मंत्री पी. चिदंबरम की गत सितंबर में हुई अमेरिका यात्रा ने इन क्षेत्रों में हमारे संबंधों को और प्रगाढ़ किया है और आतंकवाद से निपटने में अमेरिका-भारत की भागीदारी की बुनियाद रखी है।

उन्होंने कहा कि अफगानिस्तान में स्थायी शांति बहाल करने के लिए अमेरिका भारत के साथ सक्रिय रूप से विचार विमर्श करता रहेगा, "हम अफगानिस्तान में भारत की महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका का स्वागत करते हैं।"

भारत-पाकिस्तान शांति प्रक्रिया में किसी भी किस्म की मध्यस्थता से इंकार करते हुए बर्न्‍स ने कहा, "यकीनन भारत और पाकिस्तान के बीच स्थिरता और शांति हमारे हित में है। अमेरिका ने हमेशा दोनों देशों की शांति प्रक्रिया और विवादित मसलों के शांतिपूर्ण समाधान का समर्थन किया है।"

उन्होंने कहा कि दोनों देशों में रक्षा सहयोग में विस्तार की भी अपार संभावनाएं मौजूद हैं। भारत अपनी सेना का आधुनिकीकरण कर रहा है और इसमें अमेरिकी साजो-सामान और प्रौद्योगिकी अहम भूमिका निभा सकती है।

उन्होंने कहा कि परमाणु अप्रसार ओबामा प्रशासन के लिए बेहद महत्वपूर्ण मसला है और इसे मजबूती देने की दिशा में हम भारत को अहम सहयोगी मानते हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

**

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+