पेशावर में शक्तिशाली विस्फोट, 17 मरे, 26 घायल (लीड-3)
पेशावर, 19 नवंबर (आईएएनएस)। पाकिस्तान के पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत की राजधानी पेशावर में गुरुवार को एक न्यायालय परिसर के प्रवेश द्वार पर शक्तिशाली आत्मघाती विस्फोट में कम से कम 17 लोग मारे गए और 26 गंभीर रूप से घायल हो गए। पेशावर में पिछले दो महीनों में विस्फोट की यह नौंवी घटना है।
आत्मघाती हमलावर शहर के खबर रोड क्षेत्र में न्यायालय परिसर में शामिल होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा रोकने पर उसने धमाका कर दिया। इस हमले में 17 लोग मारे गए। मरने वालों में तीन पुलिसकर्मी और दो वकील शामिल हैं। विस्फोट में कई वाहन भी नष्ट हो गए। विस्फोट के समय वहां बड़ी संख्या में वकील मौजूद थे।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार इस क्षेत्र में खुफिया एजेंसी के कार्यालय, गवर्नर और मुख्यमंत्री का आवास तथा आईएसआई कार्यालय भी है। यह न्यायालय परिसर उस पांच सितारा पर्ल होटल के समीप है, जहां गत जून में हुए विस्फोट में नौ लोग मारे गए थे।
घटना के बाद खबर रोड पर यातायात रोक दिया गया और पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। राहत एवं बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर हताहतों को अस्पताल पहुंचाया।
लेडी रीडिंग अस्पताल के अधिकारी ने विस्फोट में 17 लोगों के मारे जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि घायलों में पांच की हालत नाजुक बनी हुई है।
जिला समन्वयन अधिकारी साहिबजादा अनीस ने बताया कि एक आत्मघाती हमलावर शहर के खबर रोड क्षेत्र में न्यायालय परिसर में शामिल होने की कोशिश कर रहा था, पुलिस द्वारा रोके जाने का हमलावर ने विरोध किया और धमाका कर दिया।
बम निरोधक दस्ते के अनुसार आत्मघाती हमले से आठ से 10 किलोग्राम विस्फोट इस्तेमाल किया गया।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पेशावर में हुए बम विस्फोट की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए आतंकवाद का मुकाबला करने का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि किसी को भी देश की शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के वरिष्ठ मंत्री बशीर अहमद बिलोर ने इस विस्फोट के पीछे विदेशी हाथ होने का आरोप लगाया।
पाकिस्तान में गत पांच अक्टूबर के बाद आठ आतंकवादी हमलों में 225 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और 400 से ज्यादा घायल हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications