व्हाइट हाउस लॉन में मनमोहन के लिए राजकीय भोज
वाशिंगटन, 19 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा पहली बार प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के लिए 'स्टेट डाइनिंग रूम' की जगह व्हाइट हाउस के दक्षिणी लॉन में राजकीय भोज का आयोजन करेंगे। रात्रिभोज का आयोजन 24 नवंबरर को होगा।
ओबामा और उनकी पत्नी मिशेल ओबामा की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस भोज के टेंट को शामियाने की तरह सजाया जा रहा है। इस भोज में 400 मेहमानों के शिरकत करने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश के कार्यकाल में व्हाइट हाउस के 'स्टेट डाइनिंग रूम' में मेहमानों को दावत दी जाती थी। यहां 140 से अधिक मेहमान एक साथ बैठ सकते हैं।
पिछले एक दशक दौरान यह तीसरा मौका है जब व्हाइट हाउस में किसी भारतीय प्रधानमंत्री के लिए राजकीय भोज का आयोजन किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2000 में पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने अटल बिहारी वाजपेयी और बुश ने वर्ष 2005 में मनमोहन सिंह के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था।
स्थानीय मीडिया के अनुसार इस बार व्हाइट हाउस की ओर से अफ्रीकी मूल के रसोईए मार्कस सैमुअलसन को लजीज व्यंजन पकाने का न्यौता दिया गया है। व्हाइट हाउस के सहायक रसोईए सैम कैस ने कई रेस्तरांओं से यह पता करने के लिए नमूने मंगाए थे कि किसका खाना बेहतरीन है। आखिर में सैमुअलसन का चयन किया गया।
उधर, व्हाइट हाउस ने इस राजकीय भोज में शामिल होने वाले मेहमानों के नाम की अब तक पुष्टि नहीं की है लेकिन माना जा रहा है कि मेहमान सूची में इसमें स्पीकर नैंसी पेलोसी और सीनेटर जॉन कैरी जैसे बड़े नाम होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications