पंजाब में 12,800 करोड़ रुपये के धान की खरीद
जयदीप सरीन
चंडीगढ़, 18 नवंबर (आईएएनएस)। एक तरफ जहां केंद्र सरकार कह रही है कि धान खरीद का राष्ट्रीय लक्ष्य पूरा नहीं होने की संभावना है, वहीं पंजाब के किसानों ने धान की भरपूर फसल पैदा की है और अब तक वर्तमान खरीद सत्र में 12,800 करोड़ रुपये का धान बेच चुके हैं।
राज्य ने 1.4 करोड़ टन धान की खरीद का लक्ष्य रखा है। खाद्य और आपूर्ति विभाग के अधिकारी तथा खरीद एजेंसियां अब अनाज बाजार से धान उठाने पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं, जहां भरपूर मात्रा में धान उपलब्ध है।
अनाज बाजार से धान की सुविधाजनक बिक्री को बढ़ावा देने के लिए राज्य ने धान खरीद नीति में संशोधन करके राइस मिलों की खरीद क्षमता बढ़ाकर 500 टन प्रति मिल कर दी है।
पंजाब के खाद्य और आपूर्ति निदेशक डी.एस. ग्रेवाल ने कहा कि इस कदम का उद्देश्य भरपूर फसल के कारण अनाज मंडियों में आए धान को खरीदने की समस्या को हल करना है।
ग्रेवाल ने बताया कि वर्तमान खरीद सत्र में सरकारी एजेंसियां और निजी मिलें अब तक 1.37 करोड़ टन धान की खरीद कर चुकी हैं। पिछले वर्ष करीब 1.3 करोड़ टन धान की खरीद हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications