दलाई लामा से भेंट नहंी करेंगे न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री
वेलिंग्टन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री जॉन के तिब्बतियों के धर्म गुरु दलाई लामा की अगले महीने प्रस्तावित ऑकलैंड यात्रा के दौरान उनसे भेंट नहीं करेंगे। दलाई लामा की यात्रा का आयोजन करने वाले न्यास के प्रवक्ता ने यहां यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार, न्यास के प्रवक्ता नील कैमरून ने एक बयान जारी कर कहा, "इसके पीछे सिर्फ एक कारण हो सकता है और वह है चीन का न्यूजीलैंड पर प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से बढ़ता राजनीतिक आर्थिक प्रभाव।"
उन्होंने कहा कि तिब्बत में चीन द्वारा मानवाधिकारों का उल्लंघन न्यूजीलैंड सरकारों के लिए अब चिंता का विषय नहीं रह गया है। कैमरून ने कहा कि प्रधानमंत्री का फैसला निराशाजनक है, लेकिन अचरजभरा नहीं है।
उन्होंने कहा, "हम ऐसे दौर में प्रवेश कर चुके हैं जब चीन दुनिया के बहुत से देशों की अर्थव्यवस्थाओं और आंतरिक नीतियों पर असर डाल रहा है और न्यूजीलैंड भी इसका अपवाद नहीं है।"
उन्होंने कहा कि हो सकता है कि प्रधानमंत्री पर चीन के अधिकारियों और एजेंसियों ने प्रभाव डाला हो या ना डाला हो, लेकिन उनके निमंत्रण मंजूर कर लेने पर संभवत: ऐसा ही किया जाता।
कैमरून ने बताया कि ऑकलैंड के अखबारों ने इस यात्रा के बारे में संपादकीय और विज्ञापन छापने से इंकार कर दिया है। उन्होंने बताया कि विपक्षी नेता फिल गॉफ ने दलाई लामा से भेंट करने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications