मनमोहन के अमेरिका दौरे को अंतिम रूप देने में जुटे अधिकारी (राउंडअप)
इस बीच भारत में अमेरिका के राजदूत टिमोथी जे.रोमर ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के प्रस्तावित वाशिंगटन दौरे के तीन दिन पूर्व कहा कि आतंकवाद निरोधी सहयोग को बढ़ाना दोनों नेताओं के बीच बातचीत का मुख्य मुद्दा होगा।
प्रधानमंत्री मनमोहन की प्रस्तावित अमेरिका यात्रा को लेकर जहां एक ओर व्हाइट हाउस के रणनीतिकार व्यापक तैयारियों में जुटे हैं, वहीं एक अन्य टीम भी है जो राष्ट्रपति बराक ओबामा द्वारा दिए जाने वाले इस प्रथम आधिकारिक रात्रिभोज में कोई कोर-कसर बाकी नहीं छोड़ना चाहतीं।
मनमोहन सिंह जहां 24 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से भेंट करेंगे, वहीं विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और शीर्ष अमेरिकी अधिकारी दौरे के अंत में होने वाली घोषणाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान केली ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि व्हाइट हाउस एक कार्यसूची पर कार्य कर रहा है लेकिन उन्होंने उसका कोई ब्योरा नहीं दिया। उन्होंने कहा कि विदेश विभाग के राजनीतिक मामलों के उपमंत्री बिल बर्न्स भारत के साथ होने वाली रणनीतिक वार्ता की रूपरेखा तैयार करने में समन्वय कर रहे हैं।
केली ने बताया कि विदेश मंत्री स्वयं इन बैठकों में हिस्सा लेने की इच्छुक हैं और "मेरा मानना है कि वह विदेश विभाग में कम से कम एक बैठक करेंगी।" उन्होंने यह भी कहा कि ओबामा अपनी हाल की चीन यात्रा के बारे में मनमोहन सिंह को जानकारी देंगे।
ओबामा द्वारा भारत को 21 वीं सदी में अमेरिका का महत्वपूर्ण साझीदार करार दिए जाने के मद्देनजर यह यात्रा और भी अहम है। इसकी अहमियत इस बात से भी जाहिर होती है कि अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने गत जुलाई में अपनी भारत यात्रा के दौरान मनमोहन सिंह को ओबामा का यह निमंत्रण स्वयं दिया था।
रात्रिभोज की तैयारियों का दारोमदार यूं तो प्रथम महिला मिशेल ओबामा और उनकी सामाजिक सचिव डेजरी रोजर्स अगुवाई वाले उनके स्टाफ पर है, लेकिन सामंथा टबमैन इससे जुड़े हर पहलू पर नजर रखे हुए हैं। 'वाशिंगटन पोस्ट' के अनुसार टबमैन ने व्हाइट हाउस में प्रधानमंत्री के आगमन के मौके की पूरी तैयारी के लिए 10 पृष्ठ का दस्तावेज तैयार किया है जिसमें गाड़ियों का काफिला कब आएगा, कार के दरवाजे कौन खोलेगा, फूलों का प्रबंध, बैठने की व्यवस्था आदि का जिक्र है।
व्हाइट हाउस में ओबामा द्वारा दिए जाने पर प्रथम आधिकारिक रात्रिभोज में हिस्सा लेने की कई लोग इच्छा रखते हैं। अमेरिका में रहने वाले और यहां के समाज में विशेष मुकाम हासिल कर चुके भारतीय समुदाय के लोगों के अलावा और भी कई लोग इसमें शामिल हो सकते हैं। पोलिटिको ने खबर दी है कि टॉक शो की मेजबान ओपरा विनफ्रे वहां मौजूद हो सकती है। एशिया सोसायटी प्रमुख विशाखा एन. देसाई की ओर से अपने शरीक होने की पुष्टि की जा चुकी है। वॉल स्ट्रीट जनरल के अनुसार इसमें 300 और 400 के बीच लोग मौजूद रह सकते हैं।
जुलाई 2005 में पूर्व राष्ट्रपति जार्ज बुश की ओर से मनमोहन सिंह को दिए रात्रि भोज में 150 से भी कम अतिथि थे। पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन ने जब पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को रात्रिभोज पर आमंत्रित किया था तो उसमें 700 लोगों को आमंत्रित किया गया था। क्लिंटन का यह आखिरी विशाल भोज था। इसमें दिवंगत अंतरिक्ष यात्री कल्पना चावला, टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज और मॉडल क्रिस्टी ब्रिक्ले ने भी हिस्सा लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications