इजरायल की प्रस्तावित निर्माण परियोजना से अमेरिका चिंतित
जेरूसलम, 18 नवंबर (आईएएनएस)। वेस्ट बैंक में इजरायल के 900 नए आवासों के निर्माण की योजना के कारण फिलीस्तीनी भूमि पर नई यहूदी बस्तियों के मुद्दे पर अमेरिका और इजरायल के बीच तनाव और अधिक बढ़ गया है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार जेरूसलम के शहर प्रबंधन ने यहूदी बस्ती गिलो में नए भवनों के निर्माण को मंजूरी दे दी है।
इजरायल ने वर्ष 1967 के युद्ध में इस इलाके पर कब्जा कर लिया था लेकिन अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ने इस कब्जे को मान्यता नहीं दी है।
मध्य पूर्व के लिए अमेरिका के विशेष दूत जार्ज मिशेल ने इस योजना पर अमेरिका की आपत्ति जताते हुए कहा कि आवासों के निर्माण से फिलीस्तीन के शांति वार्ता से हटने का खतरा है।
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के प्रवक्ता यित्जाक मॉल्को ने दावा किया कि गिलो इजरायल का अभिन्न हिस्सा है और आवासों के निर्माण के लिए किसी विशेष अनुमति की आवश्यकता नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications