अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में तिहाड़ के उत्पाद बने आकर्षण का केंद्र
दिल्ली पैवेलियन में लगे तिहाड़ स्टाल में बिक रहे तिहाड़ के उत्पाद की तरफ लोग आकर्षित इसलिए हो रहे हैं कि इन उत्पादों की कीमतें ग्राहकों की पहुंच के अंदर हैं। तिहाड़ में बैग, ग्रीटिंग कार्ड सहित अन्य उत्पादों की कीमत 50 रुपए से 150 रुपए के बीच है।
एक व्यवसायी राजेश मिश्रा ने कहा,"मैं दिल्ली पैवेलियन को देखकर थोड़ा निराश था। पैवेलियन की दीवारों को दिल्ली सरकार की विभिन्न आधारभूत परियोजनाओं के विवरणों से सजाया गया है।"
मिश्रा ने आईएएनएस को बताया," जब मैं दिल्ली पैवेलियन से जाने का मन बना ही रहा था कि यहां पर लगे तिहाड़ जेल के उत्पादों से सजे स्टाल ने मेरा ध्यान आकर्षित किया। स्टाल के अंदर बहुत सारे उत्पाद देखकर मैं आश्चर्यचकित था जो कि कैदियों द्वारा बनाए गए थे।"
एक अन्य ग्राहक जयश्री शर्मा ने कहा,"जब मैं पहले दिन इस व्यापार मेले में आई थी तो तिहाड़ जेल का स्टाल देखकर मैं आाश्चर्यचकित थी। ईमानदारी से कहूं तो मै नहीं जानती थी कि जेल में इस तरह के उत्पाद भी बनते हैं। मैंने जिज्ञासावश एक पैकेट खरीदने का निर्णय लिया।"
कैदियों की सुधार परियोजना के तहत स्वयंसेवी संगठन 'सृजन' द्वारा कैदियों के लिए व्यावसायिक कोर्स चलाए जाते हैं ताकि जेल से बाहर निकलने पर वे कुछ अच्छा कर सकें। इन उत्पादों को बेचकर जो धन प्राप्त होता है उसे काम कर रहे कैदियों में बांटा जाता है।
स्वयंसेवी संगठन के सदस्य अंजित कुमार ने कहा कि कैदियों के अतीत में जाने की बजाय इस परियोजना के माध्यम से कैदियों को प्रशिक्षित करने का प्रयास किया जाता है ताकि वे बाहर निकलकर इसका लाभ उठा सकें।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications