भोपाल गैस त्रासदी के स्मृति कार्यक्रमों में शामिल होंगे 16 देश
'इंटरनेशनल कैम्पेन फॉर जस्टिस इन भोपाल' के जावेद नकी का कहना है, "भोपाल गैस त्रासदी की 25वीं वर्षगांठ की स्मृति में 25 नवंबर से कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। मध्य प्रदेश में भोपाल के अलावा 20 अन्य प्रदेशों में भी कार्यक्रमों का आयोजन होगा।"
उन्होंने कहा, "भारत के अलावा 16 अन्य देश भी दुनियाभर में होने वाले स्मृति कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।"
इन समारोहों में हिस्सा लेने वाले देशों में जर्मनी, इटली, फ्रांस, ब्रिटेन, स्वीडन, चीन, फिलीपींस, कम्बोडिया, हांगकांग, दक्षिण अफ्रीका, कनाडा और अमेरिका शामिल हैं।
वर्ष 1984 में दो और तीन दिसम्बर की रात को घटी इस त्रासदी में भोपाल स्थित 'यूनियन कार्बाइड कोर्पोरेशन' के कीटनाशक संयंत्र से 'मिथाइल आइसो सायनेट' (मिक) और अन्य जानलेवा गैसों के रिसाव ने 3,500 लोगों की जान ले ली थी और कई हजार लोगों को जीवनभर के लिए विकलांग बना दिया था।
भोपाल में 25 नवंबर को इस त्रासदी में जीवित बचे लोगों का एक सम्मेलन आयोजित होगा। जिसमें ये लोग बताएंगे कि किस तरह वे त्रासदी के बाद के प्रभावों, जल संक्रमण और बीमारियों से जूझ रहे हैं।
'यूनियन कार्बाइड' कारखाने के आस-पास की मिट्टी और जल के परीक्षण से प्राप्त 'सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट' के नतीजों पर भी एक सम्मेलन का आयोजन होगा। त्रासदी के बाद की स्थिति पर एक छायाचित्र प्रदर्शनी, कविता पाठ, मशाल जुलूस और फिल्म प्रदर्शन के कार्यक्रम भी होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications