स्वाइन फ्लू की आशंका से चंडीगढ़ का स्कूल सप्ताह के लिए बंद
चंडीगढ़, 18 नवंबर (आईएएनएस)। चंडीगढ़ के सेंट जोंस हाई स्कूल के दो छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने के बाद स्कूल को बुधवार से एक सप्ताह के लिए बंद कर दिया गया।
पिछले दस दिनों में चंडीगढ़ में स्वाइन फ्लू की आशंका से बंद होने वाला यह छठा स्कूल है।
पिछले सप्ताह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज और चंडीगढ़ आर्किटेक्चर कॉलेज के कुछ छात्रों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि होने पर उन्हें एक सप्ताह के लिए बंद किया गया था।
नोडल अधिकारी एच.सी.गेरा ने कहा," सेंट जोंस स्कूल में पढ़ने वाले दो भाई स्वाइन फ्लू से प्रभावित पाए गए थे जो कक्षा एक और चार में पढ़ते हैं। हमने मंगलवार को उनके नमूनों को जांच के लिए भेज दिया था। जांच के बाद उनके नमूनों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है।"
गेरा ने कहा कि इसको ध्यान में रखते हुए स्कूल को 25 नवंबर तक बंद कर दिया गया है। एक अन्य स्कूल के कक्षा सात के छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है और उसको स्नातकोत्तर चिकितसा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर)में अलग वार्ड में रखा गया है।
चंडीगढ़ के अस्पतालों में अभी तक स्वाइन फ्लू के 460 संदिग्ध मामले दर्ज किए गये हैं जिनमें 110 मामलों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 50 छात्र शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications