प्रकृति की गोद में बच्चे सीखेंगे पर्यावरण संरक्षण
बहराइच के प्रभागीय वन अधिकारी आर.के.सिंह ने बुधवार को आईएएनएस को बताया कि बच्चों के बीच पर्यावरण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कर्तनियाघाट वन्यजीव अभयारण्य ने यह पहल की है। इस पूरी प्रक्रिया का मकसद युवा पीढ़ी को प्रकृति के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने बताया कि आगामी एक दिसंबर से अभयारण्य में हर सप्ताहांत शैक्षणिक शिविर लगाए जाएंगे, जहां पर बहराइच और आसपास के जिलों के स्कूलों के छात्रों को पर्यावरण शिक्षा का पाठ पढ़ाया जाएगा। जिससे कि वे आगे चलकर पर्यावरण के बेहतरी में अपना अमूल्य योगदान दे सकें। शिविरों में वन और वन्य जीवों के संरक्षण की शिक्षा पर विशेष जोर दिया जाएगा।
सिंह ने कहा कि प्रकृति की गोद में जीवंत माहौल के बीच बच्चे ज्यादा बेहतर ढंग से पर्यावरण से पहलुओं को समझ पाएंगे। आज के परिप्रेक्ष्य में पर्यावरण संरक्षण में बच्चों के योगदान को नकारा नहीं जा सकता है।
अधिकारियों के मुताबिक शिविर में भाग लेने वाले बहराइच, श्रावस्ती और लखीमपुर खीरी के स्कूलों का चयन कर लिया गया है। शुरूआती दौर में बहराइच के आस-पास के जिलों के स्कूलों के बच्चों के लाया जाएगा। शिविर में हिस्सा लेने वाले बच्चों को अभयारण्य की सैर कराने के साथ-साथ उनके खाने पीने की पूरी व्यवस्था की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications