'रणनीतिक वार्ता की रूपरेखा' की तैयारी में जुटे भारतीय-अमेरिकी अधिकारी
वाशिंगटन, 18 नवंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अगले सप्ताह होने वाले वाशिंगटन दौरे से पूर्व अमेरिकी अधिकारी 'भारत के साथ रणनीतिक वार्ता की रूपरेखा' को अंतिम रूप देने में जुटे हैं।
मनमोहन सिंह जहां 24 नवंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा से भेंट करेंगे, वहीं विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन और शीर्ष अमेरिकी अधिकारी दौरे के अंत में होने वाली घोषणाओं की रूपरेखा तैयार करने के लिए भारतीय अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
अमेरिकी विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान केली ने मंगलवार को संवाददाताओं से कहा कि व्हाइट हाउस एक कार्यसूची पर कार्य कर रहा है लेकिन उन्होंने उसका कोई ब्योरा नहीं दिया।
केली ने कहा कि विदेश विभाग के राजनीतिक मामलों के उपमंत्री बिल बर्न्स भारत के साथ होने वाली रणनीतिक वार्ता की रूपरेखा तैयार करने में समन्वय कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विदेश मंत्री स्वयं इन बैठकों में हिस्सा लेने की इच्छुक हैं और "मेरा मानना है कि वह विदेश विभाग में कम से कम एक बैठक करेंगी।"
केली ने यह भी कहा कि ओबामा अपनी हाल की चीन यात्रा के बारे में मनमोहन सिंह को जानकारी देंगे।
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह रविवार (22 नवंबर) को अमेरिका पहुंचेंगे। त्रिनिदाद के पोर्ट ऑफ स्पेन में राष्ट्रमंडल देशों के राष्ट्राध्यक्षों के सम्मेलन में हिस्सा लेने सिंह गुरुवार सुबह वाशिंगटन से रवाना होंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications