हड़ताली जूनियर डॉक्टरों ने शुरू की समानांतर चिकित्सा सेवा
पीएमसीएच में हड़ताली जूनियर डॉक्टरों ने मंगलवार से समानांतर ओपीडी प्रारंभ कर दी। उनका मानना है कि मरीजों को परेशान करना उनका उद्देश्य नहीं है। इस कारण मरीजों को सुविधा देने एवं उनकी परेशानी को देखते हुए सामानांतर ओपीडी चलाई जा रही है।
जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के महासचिव डा. धनंजय ने बुधवार को बताया कि मंगलवार को राज्य मानवाधिकार आयोग द्वारा हड़ताल समाप्त करने की अपील पर मरीजों की सुविधा के लिए जूनियर डॉक्टरों द्वारा ओपीडी चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इसमें मरीजों को मुफ्त दवा भी दी जा रही है।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को मानवाधिकार आयोग के बुलावे पर आयोग के कार्यालय जाकर जूनियर डॉक्टरों ने अपना पक्ष रखा था। डीएमसीएच जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ़ प्रभात कुमार ने बताया कि मानवाधिकार आयोग ने उनकी बातों को सुना और इस पर जल्द कोई निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
उधर, इन अस्पतालों में जूनियर डॉक्टरों के हड़ताल पर चले जाने के कारण चिकित्सा व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। कई मरीजों ने निजी स्वास्थ्य केंद्रों का रुख किया है। परंतु आर्थिक रूप से कमजोर मरीज अभी भी हड़ताल के खत्म होने की प्रतीक्षा में हैं।
वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद हड़ताल के दौरान पीएमसीएच में अब तक 75 से ज्यादा तथा डीएमसीएच में 16 लोगों की मौत हो गई है। पीएमसीएच प्रशासन अब तक 50 तथा डीएमसीएच प्रशासन ने नौ मरीजों की मौत की बात स्वीकार की है।
उल्लेखनीय है कि पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टरों ने अपने 13,000 रुपए के मानदेय को 25,000 से 30,000 तक करने की मांग को लेकर नौ नवंबर से तथा डीएमसीएच के जूनियर डॉक्टर गुरुवार से बेमियादी हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications