50 हजार रुपये का इनामी बदमाश मुठभेड़ में ढेर
लखनऊ, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आतंक का पर्याय बन चुका 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश राजेश कुमार मंगलवार सुबह बरेली में विशेष कार्रवाई दस्ते (एसटीएफ) के साथ मुठभेड़ में मारा गया।
जिले के इज्जतनगर थाना-प्रभारी इंद्रेशपाल सिंह ने आईएएनएस को बताया कि सूचना के आधार पर एसटीएफ ने भोजीपुरा के निकट घेराबंदी की और करीब एक घंटे तक दोनों तरफ से हुई फायरिंग के बाद राजेश मारा गया, जबकि उसके चार साथी भागने में सफल रहे।
सिंह ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि वह अपने साथियों के साथ बरेली के किसी व्यवसायी की हत्या करने वाला है। उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक मुरादाबाद निवासी अपराधी राजेश के खिलाफ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों व राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में हत्या, लूट, अपहरण और फिरौती के 30 मामले दर्ज हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications