सैमसंग के संयंत्र में गैस लीक होने से 50 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती
नोएडा, 17 नवंबर (आईएएनएस)।बहुराष्ट्रीय कंपनी सैमसंग के नोएडा स्थित वाशिंग मशीन संयंत्र में गैस लीक होने से सांस में तकलीफ की शिकायत के 50 कर्मचारियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
नोएडा सेक्टर-81 फेज-दो में स्थित सैमसंग के संयंत्र में यह हादसा हुआ। कर्मचारियों को स्थानीय कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां छह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार अपराह्न 4 बजे कुछ कर्मचारियों ने सांस में तकलीफ की शिकायत की और उनकी आंखों में जलन और पानी आने लगे। इनमें से कुछ बेहोश भी हो गए।
कैलाश अस्पताल के जनसंपर्क अधिकारी वी.बी. जोशी ने कहा कि सैमसंग कंपनी के 50 मरीजों को अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहरीले गैस की वजह से उन्हें सांस लेने ेमें तकलीफ है। इनमें से करीब छह मरीजों की हालत गंभीर है हालांकि वे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस अधीक्षक (सिटी) अशोक कुमार त्रिपाठी ने कहा प्राथमिक जांच से पता चलता है कि गैस लीक होने की वजह से यह दुर्घटना हुई। इस बात की जांच की जा रही है कि गैस कहां से लीक हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications