जापानी सम्राट के सामने झुकने के लिए ओबामा की आलोचना
वाशिंगटन, 17 नवंबर (आईएएनएस)। जापान दौरे के दौरान सप्ताहांत में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के जापानी सम्राट के सामने झुकने की कंजरवेटिव पार्टी के समर्थकों ने कड़ी आलोचना की है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आलोचकों ने विभिन्न ब्लागों पर कहा कि ओबामा का अभिवादन का ढंग सही नहीं था और इससे कमजोरी झलकती है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को सम्राट अकिहितो और महारानी मिकिहिको ने ओबामा से मुलाकात की। अकिहितो से हाथ मिलाते समय ओबामा पूरे 90 डिग्री झुक गए थे।
लास एंजेलिस टाइम्स के ब्लॉग पर एंड्रयू मैक्लम ने कहा कि इस कार्य से जापान में ओबामा को भले ही कुछ अंक मिल जाएं लेकिन इसकी कीमत उनको अमेरिका में चुकानी होगी।
मैक्लम ने कहा कि तत्कालीन उप राष्ट्रपति डिक चेनी ने वर्ष 2007 में अकिहितो से साधारण तरीके से हाथ मिलाया था जो सम्राट का अभिवादन करने का उपयुक्त तरीका था।
अप्रैल में सऊदी अरब के राजा अब्दुल्ला के अभिवादन के लिए झुकने के कारण भी ओबामा को ऐसी ही आलोचना का शिकार होना पड़ा था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications