येदियुरप्पा मंत्रिमंडल में शामिल हुए शेट्टर, समन्वय समिति गठित (लीड-1)
राज्यपाल हंसराज भारद्वाज ने राजभवन में शेट्टर को पद व गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कन्नड़ में शपथ ली। शेट्टर इससे पहले विधानसभा अध्यक्ष थे। उन्होंने सोमवार को इस पद से इस्तीफा दे दिया था।
शेट्टर को ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री बनाया गया है। उनसे पहले शोभा करंदलजे के पास इस मंत्रालय की जिम्मेदारी थी। शोभा ने पिछले दिनों अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
उल्लेखनीय है कि येदियुरप्पा के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले रेड्डी बंधु पर्यटन मंत्री जी. जनार्दन रेड्डी और राजस्व मंत्री जी. करूणाकर रेड्डी ने शेट्टर को मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने की मांग रखी थी।
येदियुरप्पा इससे पहले रेड्डी बंधु की अन्य मांगों को भी स्वीकार कर चुके हैं। पिछले दिनों उन्होंने मुख्य सचिव वी. पी. बलिगर का तबादला किया, ग्रामीण विकास मंत्री पद से शोभा करंदलाजे का इस्तीफा दिलाया और बेल्लारी जिले के अधिकारियों के तबादले संबंधी आदेश भी वापस लिए थे।
इस बीच मुख्यमंत्री ने बुधवार को सभी विधायकों की बैठक बुलाई है। चर्चा है कि वरिष्ठ नेता सुषमा स्वराज और अरुण जेटली भी इस बैठक में शिरकत करेंगे।
उधर, राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली में कर्नाटक मामलों के लिए एक समन्वय समिति गठित की है। इस समिति में 14 सदस्य हैं जबकि दो सदस्य विशेष आमंत्रित हैं।
पार्टी की केंद्रीय इकाई ने समझौते के फार्मूले के रूप में एक समन्वय समिति के गठन का फैसला किया था जिसकी घोषणा आज की गई।
इस समिति के सदस्य हैं- प्रदेश अध्यक्ष सदानंद गौड़ा, मुख्यमंत्री बी. एस. येदियुरप्पा, केंद्रीय महासचिव अनंत कुमार, वी. एस. आचार्य, जगदीश शेट्टर, के. एस. ईश्वरप्पा, आर. अशोक, विश्वेश्वरा हेगड़े कागेरी, सुरेश कुमार, कट्टा सुब्रमन्यम नायडू, बस्सोराज बोम्मई।
विशेष आमंत्रित सदस्य है- वी. सतीश और संतोष।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications