तृणमूल सांसद ने लोकसभा से इस्तीफा देने की इच्छा जताई
कोलकाता, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रख्यात बांग्ला गायक व तृणमूल कांग्रेस के सांसद कबीर सुमन ने मंगलवार को कहा कि वह लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना चाहते हैं।
सुमन ने एक स्थानीय टेलीविजन चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा, "मैं लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार को अपना इस्तीफा सौंपना चाहता हूं। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को भी मैं अपने इस फैसले से अवगत कराऊंगा। मैं अब संसद सदस्य बने रहना नहीं चाहता। मैं यह सदस्यता छोड़ना चाहता हूं।"
तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष ममता बनर्जी द्वारा उन्हें पार्टी का मेहमान बताए जाने पर उन्होंने कहा, "मैं सीधा सपाट आदमी हूं। मुझे तीन-पांच करना नहीं आता। मुझे आश्चर्य होता है कि लोग तीन-पांच करके कैसे राजनीति करते हैं।"
ममता ने सोमवार को कहा था कि सुमन कभी भी तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं थे।
सुमन लोकसभा में दक्षिणी 24 परगना के जादवपुर संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने पिछले लोकसभा चुनाव में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार सुजान चकवर्ती को पराजित किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications