कोड़ा पूछताछ के लिए रांची तलब
कोड़ा से 2,500 करोड़ रुपये के गैर कानूनी लेन-देन के आरोपों के संबंध में पूछताछ होगी। इससे पहले 13 नवंबर को वह एकाएक अपने घर से गायब हो गए थे और अपने लोकसभा क्षेत्र सिंहभूम में मिले थे।
आयकर विभाग के निदेशक उज्जवल चौधरी ने बताया, "हमने मंगलवार को कोड़ा को नोटिस भेजकर उन्हें पूछताछ के लिए रांची में पेश होने को कहा है। आयकर विभाग और प्रवर्तन निदेशालय विभाग के अधिकारी उनसे पूछताछ करेंगे।"
उन्होंने बताया, "हमारी जांच जारी है और हम छापेमारी के दौरान जब्त किए गए दस्तावेजों और अन्य चीजों के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं।"
आयकर विभाग के अधिकारियों द्वारा पूछताछ के दौरान प्रताड़ित किए जाने संबंधी कोड़ा के आरोपों पर चौधरी ने कहा, "हमें इन बयानों से कुछ लेना-देना नहीं है। पूछताछ कैमरे के सामने हुई थी और उन्हें प्रताड़ित नहीं किया गया था।"
चौधरी ने कहा, "हम निर्धारित तारीख पर अदालत में जब्त वस्तुओं का ब्यौरा और जांच में हुई प्रगति की रिपोर्ट पेश कर देंगे।"
कोड़ा के दो साथी विनोद शर्मा और संजय चौधरी लापता हैं। उनके पेश नहीं होने पर आयकर विभाग ने 11 नवंबर को उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। झारखण्ड के अपराध जांच विभाग ने कुछ राज्यों के पुलिस प्रमुखों को सतर्क किया है।
आयकर विभाग के एक अन्य अधिकारी ने बताया, "कोड़ा सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्हें सवालो को टालने और बहाने बनाने में महारत हासिल है। कोड़ा शायद ही हमारे किसी सवाल का सीधा जवाब देते हैं।"
कोड़ा पहले-पहल तीन नंवबर को पेटदर्द और उच्च रक्तचाप की शिकायत होने पर अपोलो अस्पताल में भर्ती हो गए। उन्हें आठ नवंबर को अस्पताल से छुट्टी मिल गई। दो दिन बाद यानी 10 नवंबर को आयकर विभाग ने उनसे पूछताछ शुरू की, लेकिन 13 नवंबर को कोड़ा घर से गायब हो गएऔर बाद में अपने लोकसभा क्षेत्र सिंहभूम में गृहनगर चाइबासा में मिले। कोड़ा वहां जनसभाएं कर रहे हैं और लोगों से मिल रहे हैं।
कोड़ा ने अपने जांचकर्ताओं को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनके खिलाफ आरोप साबित हो गए तो वह राजनीति छोड़ देंगे। अब उनका यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने उन्हें प्रताड़ित किया।
कोड़ा दो तारीखों पर प्रवर्तन निदेशालय के समक्ष पेश नहीं हुए। अब प्रवर्तन निदेशालय और आयकर विभाग ने उन्हें पूछताछ के लिए 19 नवंबर को रांची में पेश को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications